सैंडिस कंपाउंड में कल फुल ड्रेस रिहर्सल, तैयारियां अंतिम चरण में
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोर शोर से तेज, हर तरफ दिखा उत्साह
- डीएम-एसएसपी ने किया सैंडिस कंपाउंड का निरीक्षण
भागलपुर। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह को लेकर रेशम नगरी भागलपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। राजकीय समारोह का मुख्य आयोजन ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए पंडाल निर्माण से लेकर अन्य प्रशासनिक तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सैंडिस कंपाउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और मंच निर्माण का बारीकी से मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस पर होने वाली परेड की तैयारियों को भी देखा।
मैदान में विभिन्न सुरक्षा बलों की टुकड़ियों द्वारा किए जा रहे परेड अभ्यास का निरीक्षण किया गया और फाइनल रिहर्सल की बारीकियों को परखा गया। अधिकारियों ने परेड की टुकड़ियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि मुख्य समारोह के दिन मार्च पास्ट पूरी गरिमा और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को सैंडिस कंपाउंड में अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल किया जाएगा। मुख्य समारोह के दिन सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की जा रही है। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
