दुल्हन की विदाई अब नाव से, हाथों में सामान और संग जीवनसाथी
भागलपुर। भागलपुर की लाइफ लाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद आम लोगों की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो गई है।पुल बंद होने के कारण अब लोगों को गंगा पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। इस बीच शादी-विवाह का मौसम भी लोगों के लिए नई परेशानी लेकर आया है।
नवविवाहित जोड़े अब कार या बस नहीं बल्कि नाव से अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं। गंगा घाट पर इन दिनों ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जहां दूल्हा एक हाथ में दुल्हन की विदाई का सामान संभाले हुए है तो दूसरे हाथ से अपनी नवविवाहिता पत्नी का हाथ पकड़कर नाव पर चढ़ा रहा है। वहीं दुल्हन भी भारी सामान और रिश्तेदारों के बीच सावधानी से नाव में सवार होती नजर आ रही है।
लोगों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु के टूटने से सबसे ज्यादा परेशानी रोजमर्रा के यात्रियों के साथ-साथ शादी समारोह में शामिल होने वाले परिवारों को हो रही है। बावजूद इसके लोग हर मुश्किल को पार कर अपने रिश्तों और परंपराओं को निभाने में जुटे हुए हैं। गंगा घाट पर दूल्हा-दुल्हन की नाव से हो रही विदाई का यह दृश्य अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
