बुआ ने भतीजे के साथ की प्रेम विवाह, नाराज माता-पिता ने घसीटकर पीटा
मधेपुरा: मधेपुरा के शंकरपुर थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव में प्रेम विवाह करने वाली एक युवती (22 वर्ष) के साथ उसके ही माता-पिता द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवती ने भतीजे से किया प्रेम विवाह
हसनपुरा गांव निवासी पूजा कुमारी ने करीब एक माह पूर्व अपने रिश्ते के भतीजे लगने वाले बिट्टू कुमार से लव मैरिज कर लिया था। दोनों के घर एक-दूसरे के काफी नजदीक हैं। इस विवाह से नाराज दोनों परिवारों और ग्रामीणों ने सामाजिक स्तर पर पंचायत बुलाई। पंचायत में प्रेमी युगल को अलग करने का निर्णय लिया गया और लड़का पक्ष पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह राशि लड़की के परिजनों को देने का फैसला भी हुआ।
मामले को लेकर हुई पंचायत
स्थानीय मुखिया बीरेंद्र शर्मा ने ऐसी पंचायत होने की पुष्टि की है। बताया जाता है कि 8 जून को युवती के माता-पिता उसके ससुराल पहुंचे और उसे समझा-बुझाकर अपने साथ मायके ले आए। आरोप है कि घर पहुंचते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। वायरल वीडियो में युवती की मां उसे बाल पकड़कर जमीन पर पटकती नजर आ रही है, जबकि पिता उसके गले पर पैर रखकर दबाव बनाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती को बचाकर थाना ले जाया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। वायरल वीडियो और आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।युवती की मां दुलारी देवी ने रोते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को बड़े लाड़-प्यार से पाला और मैट्रिक तक पढ़ाया-लिखाया, लेकिन बेटी ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह कर लिया। उन्होंने कहा कि परिवार ने बेटी की शादी के कई सपने देखे थे, जो टूट गए। उनका आरोप है कि बेटी ससुराल वालों के बहकावे में आकर अपने ही माता-पिता पर केस कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस युवक से बेटी ने शादी की है, वह रिश्ते में उसका भतीजा लगता है।
मां बोली- बेटी से अब कोई संबंध नहीं है
मां ने स्वीकार किया कि लड़का पक्ष के साथ विवाद के बाद उन्होंने बेटी के साथ मारपीट की थी। उन्होंने कहा कि अब उनका बेटी से कोई संबंध नहीं है। लड़के के पिता गजेंद्र राजभर ने बताया कि मैट्रिक परीक्षा से कुछ दिन पहले दोनों घर छोड़कर चले गए थे। काफी खोजबीन के बाद लड़की को वापस उसके परिवार के हवाले किया गया। बाद में पंचायत में दोनों को अलग करने का निर्णय लिया गया और लड़की की शादी के लिए लड़का पक्ष से एक लाख रुपये देने का फैसला हुआ। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने 1 लाख रुपये की व्यवस्था कर लड़की के माता-पिता को दिए।
उन्होंने बताया कि बाद में लड़की को उसके ननिहाल भेज दिया गया, लेकिन वहीं से दोनों फिर संपर्क में आए और दोबारा घर छोड़कर दूसरे राज्य चले गए। कुछ दिनों बाद दोनों वापस गांव लौट आए। आरोप है कि 8 जून को लड़की की मां उसे उनके घर से जबरन ले गई और अपने घर के बाहर धूप में काफी देर तक खड़ा रखा। इसके बाद माता-पिता ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और हत्या का प्रयास किया। घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसने थाना में आवेदन दिया। लड़के के पिता ने कहा कि उनका परिवार बहू को अपने साथ रखने के लिए तैयार है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुभाष पांडेय एक सीनियर और अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया क्षेत्र में 32 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, संपादन और रिपोर्टिंग के विभिन्न आयामों में कार्य करते हुए पत्रकारिता को मजबूत दिशा दी है।
