दोगुनी रकम का झांसा देकर 8.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर। शेयर करेंसी में रकम लगाने पर पैसा दो गुना करने का झांसा देकर 8 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में चौकी रेवटी पुलिस ने आज रविवार को एक और आरोपित को बिहार से गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान शाहजाद अंसारी पिता स्व. युसुफ अंसारी उम्र 29 वर्ष निवासी शाही सराय, थाना कुदरा, जिला कैमूर, बिहार के रूप में हुई है। मामले में पूर्व में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य फरार आरोपित की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोवर्धनपुर निवासी सुनील पाण्डेय ने 27 फरवरी 2023 को चौकी रेवटी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार से उसके घर पहुंचे और धोखे से 8 लाख 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 35/2023 के तहत धारा 420, 120बी, 34 भादंसं के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना में सामने आया कि 17 फरवरी 2023 को प्रार्थी अपनी किराना दुकान पर बैठा था। इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से तीन व्यक्ति वहां पहुंचे और सामान खरीदने के दौरान उससे बातचीत की।
आरोपितों में से एक ने अपना नाम आकाश बताते हुए कहा कि वे शेयर करेंसी का काम करते हैं और इसमें पैसा लगाने पर रकम दोगुनी हो जाती है।
आरोपितों की बातों में आकर प्रार्थी ने पहले 10 हजार रुपये दिए। अगले दिन आरोपितों ने उसे 20 हजार रुपये वापस कर दिए। इससे प्रार्थी को उन पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपितों ने उसे 10 लाख रुपये तक निवेश करने पर दो से चार दिन में रकम दोगुनी होने का झांसा दिया।
लगातार फोन पर बातचीत कर आरोपितों ने प्रार्थी को विश्वास में लिया और 8 लाख 50 हजार रुपये की व्यवस्था करने के लिए कहा। रकम की व्यवस्था होने की जानकारी मिलने पर 27 फरवरी 2023 को आरोपित उसकी दुकान पर पहुंचे और 8 लाख 50 हजार रुपये ले लिए।
इसके बदले आरोपितों ने प्रार्थी को खाकी रंग के प्लास्टिक में बंद एक पैकेट दिया और बताया कि इसमें 17 लाख रुपये हैं। उन्होंने कहा कि बाद में आकर इसमें से 3 लाख रुपये ले जाएंगे और तब तक पैकेट नहीं खोलने की बात कही।
आरोपितों के जाने के बाद जब उनके मोबाइल बंद मिले तो प्रार्थी ने पैकेट खोलकर देखा। उसमें नोटों के आकार में सादे कागज की गड्डियां बनाकर खाकी रंग के कागज में पैक किया गया था। इसके बाद उसे ठगी का पता चला।
मोबाइल नंबर की जांच से सामने आया नेटवर्क
पुलिस ने तकनीकी माध्यम से जांच आगे बढ़ाई तो आरोपितों द्वारा इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर उत्तरप्रदेश के चंदौली जिले के एक व्यक्ति के नाम पर पाया गया।
पूछताछ में पता चला कि वाराणसी के नगवा स्थित राज कम्युनिकेशन के संचालक अमरेश मिश्रा ने संबंधित व्यक्ति के आधार कार्ड और फोटो का इस्तेमाल कर उसके नाम से दो सिम जारी किए थे। इनमें से एक सिम उसने अपने पास रख लिया था।
पुलिस जांच के अनुसार अमरेश मिश्रा ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत उक्त सिम को यह जानते हुए राजेश सिंह को 1500 रुपये में दे दिया था कि इसका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधि में किया जाएगा।
राजेश सिंह ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इसी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करते हुए प्रार्थी से 8 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। वारदात के बाद सिम और घटना में इस्तेमाल मोबाइल को तोड़कर फेंक दिया गया था।
पूर्व में दो आरोपित हो चुके हैं गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पूर्व में अमरेश मिश्रा पिता मदन मिश्रा उम्र 40 वर्ष निवासी सिरगोवर्धनपुर, वाराणसी उत्तरप्रदेश और राजेश सिंह पिता शिवदुलार सिंह उम्र 34 वर्ष निवासी भगवानपुर, थाना लंका, वाराणसी उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया था।
उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई थी। दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया था।
बिहार में दबिश देकर शाहजाद को पकड़ा
पुराने लंबित मामलों में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने चौकी प्रभारी रेवटी को निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले का आरोपित शाहजाद कैमूर, बिहार में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम बिहार रवाना हुई और कैमूर में दबिश देकर शाहजाद अंसारी को गिरफ्तार कर सूरजपुर लाई।
पूछताछ में आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में एक अन्य आरोपित अभी फरार है, जिसकी पुलिस लगातार पतासाजी कर रही है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी रेवटी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक शिव राजवाड़े, आरक्षक मनरूप पैंकरा एवं अशोक राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
