अमित शाह का त्रिपुरा सुंदरी मंदिर दौरा प्रतिकूल मौसम से रद्द, अन्य कार्यक्रम यथावत
अगरतला । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का त्रिपुरा के प्रसिद्ध त्रिपुरा सुंदरी मंदिर (माताबाड़ी) का प्रस्तावित दौरा शुक्रवार को रद्द कर दिया गया। गुमटी जिले के उदयपुर स्थित इस शक्तिपीठ में उनके हेलीकॉप्टर से पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन मौसम अनुकूल न होने के कारण यात्रा संभव नहीं हो सकी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अमित शाह गुरुवार शाम अगरतला पहुंचे थे और शुक्रवार सुबह माताबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना एवं दर्शन का कार्यक्रम निर्धारित था। हालांकि, सुबह से ही खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर सेवा को सुरक्षित नहीं माना गया, जिसके चलते दौरा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
गोमटी जिले की जिलाधिकारी रिंकू लाथेर ने पुष्टि करते हुए बताया कि प्रतिकूल मौसम की वजह से केंद्रीय गृह मंत्री का त्रिपुरा सुंदरी मंदिर दौरा स्थगित करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि, त्रिपुरा सुंदरी मंदिर हिंदू श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत आस्था का केंद्र है और देश के 51 शक्तिपीठों में शामिल है। 22 सितंबर, 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुनर्विकसित मंदिर परिसर का उद्घाटन किया था। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की प्रसाद योजना के तहत 54 करोड़ से अधिक की लागत से मंदिर एवं आसपास के बुनियादी ढांचे का विकास किया गया है।
माताबाड़ी दौरा रद्द होने के बावजूद अमित शाह के अन्य सभी निर्धारित कार्यक्रम पूर्ववत जारी रहेंगे। वह अगरतला में प्रस्तावित पुष्पबंत पैलेस होटल परियोजना की आधारशिला रखेंगे। राज्य सरकार इस परियोजना को पर्यटन क्षेत्र के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मान रही है।
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री पश्चिम त्रिपुरा जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित लंकामुरा सीमा चौकी का भी दौरा करेंगे। इस दौरान वह सीमा सुरक्षा, घुसपैठ रोकने, तस्करी नियंत्रण और सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
अपने दौरे के दौरान अमित शाह शालबागान स्थित बीएसएफ त्रिपुरा फ्रंटियर मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। बैठक में भारत-बांग्लादेश सीमा पर निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, आधुनिक तकनीक के उपयोग, सीमा प्रबंधन तथा अन्य सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
