पहले दिन फर्स्ट हॉकी इंडिया मास्टर्स कप में कर्नाटक, तमिलनाडु और पंजाब की धमाकेदार जीत
चेन्नई । चेन्नई में शुरू हुए फर्स्ट हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 में पहले दिन महिला और पुरुष वर्ग में कुल चार मुकाबले खेले गए, जहां हॉकी कर्नाटक, हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु और हॉकी पंजाब ने शानदार जीत दर्ज की। वहीं, महिला वर्ग में हॉकी महाराष्ट्र को हॉकी हिमाचल के खिलाफ आधिकारिक फॉरफिट के जरिए 5-0 की जीत मिली।
कर्नाटक ने रचा इतिहास, स्नेहा की हैट्रिक से 7-0 की बड़ी जीत
महिला वर्ग के पहले मुकाबले में हॉकी कर्नाटका ने केरल हॉकी को 7-0 से रौंदा। इस मुकाबले में स्नेहा सी (15’, 17’, 50’) ने टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक लगाई और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। कप्तान के.के. कृतिक (42’, 55’) ने दो गोल किए, जबकि उषा विनायकुमार (22’) और जोसेफिन लोरे सिक्वेरा (50’) ने भी एक-एक गोल दागा।
महाराष्ट्र को मिला वॉकओवर
दूसरे महिला मुकाबले में हॉकी महाराष्ट्र को हॉकी हिमाचल के खिलाफ आधिकारिक वॉकओवर मिला, जिसके तहत उन्हें 5-0 से विजेता घोषित किया गया।
पंजाब ने रोमांचक मुकाबले में ले पुडुचेरी को हराया
पुरुष वर्ग में हॉकी पंजाब और ले पुडुचेरी हॉकी के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में पंजाब ने 3-2 से जीत दर्ज की। पंजाब की ओर से पवनींदर सिंह (15’), धर्मपाल सिंह (36’) और कप्तान रिपुदमन कुमार (42’) ने गोल किए। वहीं पुडुचेरी की ओर से दिल्हिगणेश (21’) और एन. कमलाकन्नन (47’) ने वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम हार टाल नहीं सकी।
तमिलनाडु ने केरल को 8-0 से रौंदा
दिन के अंतिम मुकाबले में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने केरल हॉकी को 8-0 से करारी शिकस्त दी। रामदास वी (14’, 44’) ने दो गोल दागे और बाकी छह गोल सुधर्शन एस (28’), थमरैकन्नन (32’), कप्तान एडम एंटनी सिनक्लेयर (34’), विनोद कुमार एपी (35’), सेड्रिक मार्सलिन डी क्रूज (40’) और सतीश कुमार (43’) ने किए।
टिप्पणियां