रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्राली की भिड़ंत, बिहार के युवक की मौत, 6 घायल
फिरोजाबाद। थाना रजावली क्षेत्र में नगला सिकंदर के पास बुधवार देर रात रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्राली की भिड़ंत हो गई। हादसे में बिहार के एक युवक की मौत हो गई। वहीं बस में बैठी 6 सवारियां घायल है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।
आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस बुधवार देर रात एटा की ओर जा रही थी। तभी टूंडला से एटा की ओर जा रहे ईंटों से भरे ट्रैक्टर ट्राली ने रोडवेज में थाना रजावली के नगला सिकंदर के पास टक्कर मार दी। हादसे में रोडवेज के आगे का आधा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चीख पुकार मचने लगी। बस के अंदर 48 सवारियां मौजूद थीं। हादसे में बिहार अरनिया के रानीगंज निवासी मणिकांत (32) की मौत हो गई। वहीं करीब 7 सवारिया घायल हो गई। घायलों में प्रदोश निवासी टूंडला, देवराज निवासी रानीगंज बिहार, दलबीर निवासी रजावली गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य सवारियां चोटिल है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। वहीं घायलों को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
एएसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि ट्रैक्टर और रोडवेज बस की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। वहीं 6 घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है।
टिप्पणियां