राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासत गरम, कांग्रेस ने भाजपा-आरएसएस पर तीखा हमला
जयराम रमेश बोले-सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच
नई दिल्ली। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मामले की सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं।
जयराम रमेश ने कहा कि राममंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा घोटाले के आरोप बेहद गंभीर हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना था कि इतने संवेदनशील मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में जांच सबसे उपयुक्त होगी।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति अब "वोट चोरी, सीट चोरी और चंदा चोरी" तक सीमित हो गई है। उन्होंने चुनावी बॉन्ड योजना का उल्लेख करते हुए भाजपा पर वित्तीय पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए। जयराम रमेश ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों के भाजपा-आरएसएस से निकट संबंध रहे हैं, इसलिए पूरे मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस विवाद पर सार्वजनिक बयान देने की मांग करते हुए कहा कि राममंदिर निर्माण और उद्घाटन का श्रेय लेने वाले प्रधानमंत्री को अब इस प्रकरण पर भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह की चुप्पी को भी सवालों के घेरे में रखा। उधर, भाजपा का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी है और जांच एजेंसियां आरोपों की जांच कर रही हैं। कांग्रेस ने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आएगी और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रह सकेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
