मणिपुर में बड़ी कार्रवाई, 2.7 किलो संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद
इंफाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में संदिग्ध ब्राउन शुगर की बड़ी खेप बरामद करने के साथ प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के कई सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आज बताया कि टी खुलेन नाका चेक पोस्ट पर सेनापति पुलिस, सीआरपीएफ, क्यूएटी और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने 23 वर्षीय मोहम्मद सफीकुर रहमान को गिरफ्तार किया। उसके पास से 27 साबुनदानी में करीब 360 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर और एक वाहन बरामद हुआ।
वहीं, मोटबुंग के खोरेंन ताम्पक में संयुक्त मादक पदार्थ विरोधी अभियान के दौरान इम्फाल पूर्व जिला पुलिस, एएनटीएफ, सीआरपीएफ और कांगपोकपी जिला पुलिस ने 32 वर्षीय पाओचा किपगेन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 2.35 किलोग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, एक डीजल ऑटो और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
अलग-अलग अभियानों में केसीपी (पीडब्ल्यूजी), आरपीएफ/पीएलए और सोरेपा से जुड़े कई सक्रिय कैडरों को भी गिरफ्तार किया गया।
इनमें अरिबाम शिवाश्वर शर्मा उर्फ मेलो, निंगोम्बम पुनशिबा सिंह उर्फ नानाओ/सेलुंगबा, संगलेनमायुम संजीत सिंह उर्फ मणि और लैहाओरुंगबम सनातोम्बा सिंह उर्फ अशोक/तयाई शामिल हैं।
असम राइफल्स ने यूकेएनए के कैडर सतंगम डूंगेल को गिरफ्तार कर चुराचांदपुर पुलिस को सौंप दिया। उसके पास से 9 एमएम की पिस्तौल, पांच कारतूस और एक मैगजीन बरामद की गई।
फायेंग अपुन लोक नदी किनारे तलाशी अभियान में सुरक्षा बलों ने एक सीएमजी, एक संशोधित .303 राइफल, विभिन्न कैलिबर की सात पिस्तौल, पांच सिंगल बैरल बंदूक, एक डबल बैरल बंदूक और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए।
इससे पहले मोइरांग पुलिस और सीडीओ बिष्णुपुर की टीम ने केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के कथित वसूलीकर्ता सामोम माइकल सिंह उर्फ अचौबा मैतेई को गिरफ्तार किया था। सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
