पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर भारत चिंतित, सभी पक्षों से शांति और संवाद की अपील
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य संघर्ष को देखते हुए भारत ने सभी पक्षों से तनाव कम करने और नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने का आग्रह किया है।
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में सभी पक्षों से आग्रह किया कि वह तनाव को कम करने, नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने और राजनयिक समाधान तलाशने के लिए बातचीत का रास्ता अपनाएं। क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली बेहद जरूरी है।
भारत ने कहा कि पश्चिम एशिया के ताजा हालात वैश्विक मुदाय के लिए सबसे अधिक चिंता का विषय है। क्षेत्र में जारी संघर्ष का वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति पर भी गहरा प्रभाव पड़ा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले 24 घंटे के दौरान इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष में तेजी आई है। ईरान ने इजराइल के महत्वपूर्ण शहरों को निशाना बनाया है। वहीं इजराइल ने पश्चिम और मध्य ईरान में सैन्य अड्डों को अपना निशाना बनाया है।
इसी बीच ईरान और इजराइल स्थित भारतीय दूतावासों ने परामर्श जारी कर भारतीयों को ईरान नहीं जाने और इजराइल की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
ईरान में रह रहे भारतीयों को तुरंत वहां से किसी भी माध्यम से निकलने को कहा है। वहीं इजराइल में रह रहे भारतीयों को सावधानी और सतर्कता बरतने तथा स्थानीय प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
