बहराइच: जरवल रोड कुड़वा ओवरब्रिज की जांच शुरू, रिपोर्ट के बाद होगी मरम्मत
जरवलरोड/ बहराइच(तरूणमित्र संवाददाता)। लखनऊ–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरवल रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत कुड़वा के पास लखनऊ से बहराइच जाने वाला ओवरब्रिज तकनीकी खराबी के चलते एक बार फिर चर्चा में है। फिलहाल एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक नकुल प्रकाश वर्मा के निर्देश पर जांच एवं प्रारंभिक कार्य शुरू कराया गया है। वर्ष 2018 में लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस ओवरब्रिज की बुधवार दोपहर बाद एनएचएआई की देखरेख में विस्तृत तकनीकी जांच शुरू हो गई है। जांच के तहत पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी के इंजीनियरों ने कोर कटिंग मशीन की सहायता से पुल की ऊपरी सतह पर निर्धारित स्थानों पर गोलाकार छेद किए। इन छेदों के माध्यम से एक तकनीकी विशेषज्ञ पुल के अंदर जाकर उसकी वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने लगे है। निरीक्षण के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि पुल में तकनीकी खराबी कितनी दूरी तक फैली है, कितने पैनलों तक क्षति पहुंची है तथा मरम्मत के लिए किन हिस्सों में ऊपरी सतह की कटिंग करनी होगी।
तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही पुल की मरम्मत का विधिवत कार्य प्रारंभ किया जाएगा। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि जांच का उद्देश्य पुल की संरचनात्मक स्थिति का सही आकलन कर सुरक्षित एवं स्थायी मरम्मत सुनिश्चित करना है।
इस दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर नकुल प्रकाश वर्मा, एनएचएआई के अवर अभियंता अनंत मौर्य तथा पीएनसी इंफ्राटेक के वरिष्ठ प्रोजेक्ट मैनेजर सहित अन्य तकनीकी अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे कार्य की निगरानी करते हुए जांच प्रक्रिया का निरीक्षण करते रहे।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 15 वर्षों का अनुभव रखने वाले अरुण अग्रवाल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बहराइच ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग और संतुलित कवरेज के साथ वह लगातार समाचारों पर काम कर रहे हैं।
