जी-7 शिखर सम्मेलन और वैश्विक हालात पर जयशंकर-स्टब के बीच विस्तृत चर्चा
वैश्विक मुद्दों पर भारत की राय अहम: अलेक्जेंडर स्टब
जयशंकर से मुलाकात में वैश्विक संकट, जी-7 और खाड़ी पर हुई चर्चा
हेलसिंकी। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने भारत को वैश्विक मंच पर एक प्रभावशाली देश बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर नई दिल्ली की राय को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। हेलसिंकी में आयोजित 'कुलतारना टॉक्स' के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात के बाद स्टब ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि दोनों नेताओं के बीच मध्य पूर्व और फारस की खाड़ी की स्थिति, रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों तथा आगामी जी-7 शिखर सम्मेलन सहित कई अहम वैश्विक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
स्टब ने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और संतुलित कूटनीतिक दृष्टिकोण उसे विश्व राजनीति का महत्वपूर्ण भागीदार बनाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में भारत की राय का विशेष महत्व है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों देशों ने बदलते वैश्विक परिदृश्य और अनिश्चित अंतरराष्ट्रीय माहौल में कूटनीति की अहम भूमिका पर विचार साझा किए।
ये खबर भी पढ़े : पीओके में सुलग उठा जनाक्रोश: कार्यकर्ता की मौत के बाद हिंसा, 11 लोगों की मौत, 70 से अधिक घायलउन्होंने कहा कि भारत और फिनलैंड डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा सतत विकास के क्षेत्रों में अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही दोनों देश बहुपक्षीय मंचों पर साझा हितों के मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।
कुलतारना वार्ता के दौरान जयशंकर ने फिनलैंड की विदेश मंत्री एलिना वाल्टोनन और संयुक्त अरब अमीरात की विदेश राज्य मंत्री लाना नुसेबेह के साथ 'उभरती शक्तियां और नई भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा' विषय पर आयोजित चर्चा में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संघर्षों का प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ता है, इसलिए संवाद और सहयोग के माध्यम से समाधान तलाशना आवश्यक है। उन्होंने मजबूत और विविध सप्लाई चेन, राष्ट्रीय हितों पर आधारित भारत की ऊर्जा नीति तथा खाड़ी देशों के साथ भारत के रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा संबंधों के महत्व को भी रेखांकित किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
