वेनेजुएला में भूकंप से तबाही, मृतकों का आंकड़ा 4,118 पहुंचा; 16 हजार से ज्यादा लोग घायल
- वेनेजुएला में भूकंप से मृतकों की संख्या 4,118 हो गई।
- 16,740 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं।
- 86,794 प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाई गई।
काराकास। वेनेजुएला में 24 जून को आए विनाशकारी 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,118 हो गई है, जबकि 16,740 से अधिक लोग घायल हुए हैं। देशभर में हजारों लोग बेघर हो गए हैं और राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
तुर्किए की समाचार एजेंसी अनाडाेलू व अन्य मीडिया रिपाेर्ट के मुताबिक नेशनल असेंबली के प्रेसिडेंट जॉर्ज रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 86,794 प्रभावित परिवारों को सहायता पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि बचाव दलों ने 6,462 लोगों को सुरक्षित निकाला है।
भूकंप से 856 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि 190 इमारतें पूरी तरह ढह गई हैं। राहत कार्यों के तहत अधिकारियों ने 9,766 मीट्रिक टन खाद्य सामग्री और 1.39 करोड़ लीटर से अधिक पेयजल वितरित किया है।
साथ ही 29,966 लोगों को चिकित्सीय सहायता प्रदान की गई है। सबसे ज़्यादा प्रभावित तटीय इलाके ला गुएरा में 800 से ज़्यादा इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, जबकि 190 इमारतें पूरी तरह ढह गईं।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र वेनेज़ुएला के लिए राहत और पुनर्निर्माण के लिए लगभग 300 मिलियन डॉलर का फंड जुटा रहा है। इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आईएमएफ) की प्रवक्ता जूली कोज़ैक ने कहा कि दक्षिण अमेरिकी देश अपनी वित्तीय संपत्ति को अनलॉक करने के लिए आईएमएफ के साथ भी बातचीत कर रहा है।
वहीं, राहत एवं बचाव अभियान में 30,076 सरकारी कर्मचारी, 29,843 स्वयंसेवक और 3,454 अंतरराष्ट्रीय बचावकर्मी जुटे हुए हैं। बेघर हुए लोगों के लिए 89 अस्थायी राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती भूकंपों के बाद अब तक 1,171 आफ्टरशॉक दर्ज किए जा चुके हैं। 24 जून को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों के बीच महज 39 सेकंड का अंतर था, जिससे व्यापक तबाही हुई। इसके बाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता अभियान शुरू किया गया.
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
