सतर्क पुलिस ने गांजा तस्करी की साजिश की नाकाम, तीन महिलाओं सहित चार गिरफ्तार
पुलिस ने कोलाघाट के एक यात्री बस में मारा छापा, 23 किलोग्राम गांजा बरामद
- सूचना मिलने पर संदिग्ध वाहनों की जांच
मेदिनीपुर। ओडिशा से कोलकाता गांजा तस्करी के एक बड़े प्रयास को पूर्व मेदिनीपुर जिले की कोलाघाट थाना पुलिस ने विफल कर दिया। शुक्रवार देर रात पुलिस ने कोलाघाट के शरत सेतु के निकट एक यात्री बस में छापेमारी कर लगभग 23 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन महिलाओं सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ओडिशा से कोलकाता की ओर एक बस के माध्यम से गांजा तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना पहले ही प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर कोलाघाट थाना पुलिस ने अपने टीम के साथ शरत सेतु के समीप निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध वाहनों की जांच प्रारंभ कर दी।
निर्धारित बस के कोलाघाट पहुंचते ही पुलिस की टीम ने उसे घेर लिया तथा सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बस से लगभग 23 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद गांजा तस्करी में संलिप्तता के संदेह में एक पुरुष और तीन महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा बरामद गांजा कोलकाता में किसे पहुंचाया जाना था।
पुलिस का मानना है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह सक्रिय हो सकता है। गिरफ्तार आरोपितों को आगे न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी, ताकि तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
