'अमेरिका भारत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा :पुतिन
मास्को : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को भारत के साथ रिश्तों पर बड़े बयान जारी किए हैं। पुतिन ने भारत के लोकतंत्र, भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की आदत की जमकर तारीफ की है। पुतिन ने ये भी कहा है कि भारत के साथ रूस का व्यापार जल्द ही 100 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। पुतिन ने अपने संबोधन में अमेरिका पर भी निशाना साधा है। आइए जानते हैं कि पुतिन ने भारत के बारे में क्या कुछ कहा है।
100 अरब डॉलर पहुंचेगा व्यापार- पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वर्तमान में भारत की एक प्रभावशाली आर्थिक वृद्धि दर है। पुतिन ने आगे कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में रूस और भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा। पुतिन ने आगे ये भी कहा कि रूस भारत को अपना एक भरोसेमंद साझेदार मानता है।
पुतिन ने साधा अमेरिका पर निशाना
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने संबोधन में अमेरिका पर भी निशाना साधा। पुतिन ने कहा कि अमेरिका, रूस के साथ सहयोग सहित कई मुद्दों पर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भारत ऐसे प्रयासों का प्रतिरोध करेगा। पुतिन ने आगे कहा कि भारत के किसी भी अन्य देश के साथ द्विपक्षीय संबंधों को रूस किसी नकारात्मक परिणाम के तौर पर नहीं देखता है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आगे ये भी कहा कि भारत एक महान राष्ट्र और लोकतंत्र है; यह अपने राष्ट्रीय हितों का ध्यान रखता है।
सितंबर में भारत आएंगे पुतिन
आपको बता दें कि व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 12 और 13 सितंबर को भारत की यात्रा पर आने वाले हैं। भारत इस साल ब्रिक्स के वार्षिक शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है। ब्रिक्स में पहले ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। साल 2024 में ब्रिक्स का विस्तार हुआ जिसके बाद इस समूह में मिस्र, इथियोपिया, ईरान और UAE को शामिल किया गया था। इसके बाद साल 2025 में इंडोनेशिया ब्रिक्स में शामिल हुआ था। पुतिन ने इससे पहले दिसंबर 2025 में भारत का दौरा किया था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुभाष पांडेय एक सीनियर और अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया क्षेत्र में 32 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, संपादन और रिपोर्टिंग के विभिन्न आयामों में कार्य करते हुए पत्रकारिता को मजबूत दिशा दी है।
