विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में चलेगा ‘एक पेड़–माँ के नाम’ अभियान , प्रभारी मंत्री करेंगे शुभारंभ
अम्बेडकरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जनपद में ‘एक पेड़–माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जनपद में अभियान का शुभारंभ प्रभारी / कैबिनेट मंत्री पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग ओम प्रकाश राजभर द्वारा श्रवण धाम में वृक्षारोपण कर किया जाएगा। अभियान के तहत ग्राम पंचायतों, नगर निकायों एवं विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता से बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा।
प्रभागीय वनाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, नदी एवं नहर तटों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। स्थानीय एवं पारंपरिक प्रजातियों के साथ फलदार पौधों के रोपण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही समस्त कार्यक्रमों को प्लास्टिक मुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि "एक पेड़–मां के नाम" अभियान के अंतर्गत प्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को 5 करोड़ पौधों के वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित है। जिसके क्रम में जनपद अंबेडकर नगर को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 507000 पौधों (जिसमें वन विभाग 57000, ग्राम में विकास विभाग 301000, पंचायती राज विभाग 20000, कृषि 73000, उद्यान विभाग 50000 एवं नगर विकास विभाग 6000) को आरोपित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
मुख्य विकास अधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर वृक्षारोपण के महाभियान को सफल बनाए जाने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभागीय वनाधिकारी से समन्वय स्थापित कर संबंधित नर्सरी से अनिवार्य रूप से आज ही पौधों का उठान कर पौधारोपण स्थल पर पहुंचा देने के निर्देश दिए तथा समस्त विभागों से समन्वय स्थापित कर वृक्षारोपण दिवस अर्थात 5 जून को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधों को रोपित करते हुए, जिओ टैगिंग फोटो हरीतिमा ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण हेतु अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण कर अभियान को सफल बनाएं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
क्षेत्रीय पत्रकारिता में 25 वर्षों का अनुभव रखने वाले पवन सारस्वत अंबेडकरनगर में सक्रिय हैं और स्थानीय मुद्दों पर गहरी पकड़ रखते हैं। ज़मीनी रिपोर्टिंग और प्रशासनिक मामलों की समझ के साथ उन्होंने लंबे समय तक भरोसेमंद कवरेज किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
