जन्मदिन विशेष :जब प्रधानमंत्री की पोती बनीं बॉलीवुड की शीर्ष अभिनेत्री, आज भी लाखों महिलाओं की प्रेरणा
मुंबई, 15 अगस्त। किसी दूसरे देश से आकर बॉलीवुड में जगह बनाना आसान नहीं होता, लेकिन 1990 और 2000 के दशक में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक ऐसी अभिनेत्री ने कदम रखा, जिन्होंने खूबसूरती, बेहतरीन एक्टिंग और शानदार डांस मूव्स के दम पर बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में जगह बनाई। उस अभिनेत्री का नाम मनीषा कोइराला है।
मनीषा कोइराला का जन्म 16 अगस्त 1970 को नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक राजनीतिक और प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम प्रकाश कोइराला है, जो पूर्व कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। वहीं, मां का नाम सुषमा कोइराला है। मनीषा कोइराला के परिवार की राजनीति पकड़ का अंदाजा आप इससे लगा सकते हैं कि उनके दादाजी, विश्वेश्वर प्रसाद कोइराला, नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।
मनीषा कोइराला एक ऐसी अभिनेत्री हैं, जिन्होंने बॉलीवुड के साथ-साथ नेपाली, तमिल और मलयालम फिल्मों में भी काम किया है। अभिनेत्री ने बॉलीवुड में डेब्यू 1991 में सुभाष घई की फिल्म 'सौदागर' से किया। अपनी पहली फिल्म ही कामयाबी और उनके शानदार अभिनय ने उन्हें रातों-रात इंडस्ट्री की उभरती हुई शीर्ष अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया। इसके बाद मनीषा ने '1942: ए लव स्टोरी', 'बॉम्बे', 'खामोशी: द म्यूजिकल', 'दिल से..', 'कंपनी', जैसी कई अन्य फिल्मों में काम किया। इसके अलावा उन्होंने 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' जैसी वेब सीरीज में भी अभिनय किया।
मनीषा कोइराला के एक्टिंग करियर में जहां उनकी डेब्यू फिल्म 'सौदागर' ने उन्हें नाम, पहचान और शोहरत दिलाई। वहीं, फिल्म 'कंपनी' में शानदार एक्टिंग ने उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार दिला दिया। अभिनेत्री ने अपनी एक्टिंग के दम पर अब तक तीन क्रिटिक्स सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार और एक फिल्मफेयर ओटीटी पुरस्कार हासिल किए हैं।
हालांकि, कहते हैं न जब जीवन में सब अच्छा चल रहा होता है, तब एक ऐसा समय आता है, जिसके बारे में आपने कभी कल्पना भी नहीं की होती है। कुछ ऐसा ही मनीषा कोइराला के साथ हुआ। अभिनेत्री जब अपने करियर की शीर्ष पर थी, तब वर्ष 2012 में उन्हें स्टेज-4 ओवेरियन कैंसर हो गया, जिसके बाद उन्होंने न्यूयॉर्क में इलाज कराया और 2013 से पूरी तरह कैंसर-मुक्त हैं।
अभिनेत्री के निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने वर्ष 2010 में नेपाली बिजनेसमैन सम्राट दहल से शादी की, लेकिन वर्ष 2012 में उनका तलाक हो गया। मनीषा कोइराला आज के समय में लाखों महिलाओं की प्रेरणा हैं। वह कैंसर के खिलाफ जागरूकता फैलाने में काफी सक्रिय रहती हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया सहित अन्य जगहों पर महिलाओं और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर खुलकर बात करती नजर आती हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
