किआ सिरोस EV की भारतीय बाजार में बढ़ी मांग, दमदार फीचर्स और परफॉर्मेंस बनी पहचान
किआ सिरोस EV लॉन्च , 520km से ज्यादा रेंज का दावा
- किआ सिरोस ईवी में 42kWh और 52kWh बैटरी पैक के विकल्प
किआ ने इलेक्ट्रिक कार बाजार में अपनी नई सिरोस ईवी के साथ एंट्री कर दी है। 20 लाख रुपये से कम कीमत वाले इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में पहले से मौजूद टाटा नेक्सॉन ईवी और एमजी विंडसर ईवी को टक्कर देने के लिए यह मॉडल उतारा गया है। कंपनी का दावा है कि सिरोस ईवी आधुनिक फीचर्स, दमदार परफॉर्मेंस और बेहतर रेंज के साथ ग्राहकों को आकर्षित करेगी।
सिरोस ईवी का डिजाइन पेट्रोल मॉडल जैसा ही है, लेकिन इसमें इलेक्ट्रिक पहचान के लिए कुछ खास बदलाव किए गए हैं। बंद फ्रंट ग्रिल, नए डिजाइन के अलॉय व्हील और आकर्षक रंग विकल्प इसे अलग लुक देते हैं। इसका बॉक्सी और मॉडर्न डिजाइन इलेक्ट्रिक वाहन के रूप में ज्यादा प्रभावी नजर आता है।
किआ सिरोस ईवी में 42kWh और 52kWh बैटरी पैक के विकल्प दिए गए हैं। इसके टॉप वेरिएंट में इलेक्ट्रिक मोटर 170 बीएचपी की पावर और 255 एनएम का टॉर्क जनरेट करती है। ड्राइविंग के दौरान यह कार शांत, स्मूद और तेज प्रतिक्रिया देने वाली महसूस होती है। शहर की सड़कों पर इसकी पावर डिलीवरी और इंस्टेंट टॉर्क ड्राइविंग को आसान बनाते हैं।
रेंज के मामले में कंपनी का दावा है कि सिरोस ईवी एक बार चार्ज करने पर 520 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सकती है। हालांकि वास्तविक परिस्थितियों में इसकी रेंज ड्राइविंग स्टाइल, मौसम और सड़क की स्थिति पर निर्भर करेगी। शुरुआती अनुभवों के आधार पर बड़ी बैटरी वाले मॉडल से करीब 430 से 450 किलोमीटर की वास्तविक रेंज मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कुल मिलाकर किआ सिरोस ईवी मास मार्केट इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आई है। इसका डिजाइन, परफॉर्मेंस और बैटरी क्षमता इसे टाटा नेक्सॉन ईवी और एमजी विंडसर ईवी जैसी कारों के मुकाबले खड़ा करती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
