मोर्चरी के पास बिना चालक के दौड़ पड़ी एंबुलेंस
श्रीनगर गढ़वाल :एंबुलेंस एक मरीज को लेकर देहरादून जा रही थी।इसी दौरान चालक किसी कार्य से कुछ देर के लिए एंबुलेंस से नीचे उतर गया। तभी एंबुलेंस अचानक आगे बढ़ने लगी।
श्रीकोट स्थित बेस चिकित्सालय की पुरानी मोर्चरी के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक बड़ा हादसा उस समय होने से बच गया, जब एक एंबुलेंस अचानक बिना चालक के ही आगे बढ़ गई। बेकाबू एंबुलेंस ने रास्ते में खड़े तीन वाहनों और एक मकान की बाउंड्री को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस एक मरीज को लेकर देहरादून जा रही थी। वाहन में मरीज के साथ उसके परिजन भी सवार थे। इसी दौरान चालक किसी कार्य से कुछ देर के लिए एंबुलेंस से नीचे उतर गया। तभी एंबुलेंस अचानक आगे बढ़ने लगी।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने दौड़कर एंबुलेंस को रोकने का प्रयास किया और दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इस दौरान एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ती रही और रास्ते में खड़े तीन वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हुए एक मकान की बाउंड्री से जा टकराई। हादसे में एंबुलेंस में सवार लोगों तथा चालक को मामूली चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर अधिक भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
वहीं, श्रीनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे हैं। क्षति का आकलन किया जा रहा है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुभाष पांडेय एक सीनियर और अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया क्षेत्र में 32 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, संपादन और रिपोर्टिंग के विभिन्न आयामों में कार्य करते हुए पत्रकारिता को मजबूत दिशा दी है।
