नींद में छत से उतरते समय पैर फिसला, नीचे गिरने से युवक की मौत
उरई। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन के आटा थाना क्षेत्र के इटौरा गांव में बीती देर रात एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की छत से नीचे गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर आटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों के अनुसार मंगल (23) रात को घर की छत पर सो रहा था। देर रात वह नींद में ही टॉयलेट जाने के लिए उठा, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे आ गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मंगल की असमय मौत से उसकी मां, भाई और तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है वहीँ, आटा थाना प्रभारी अजय सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
