लखीमपुर-खीरी,16 अगस्त(तरुणमित्र)। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (संबद्ध जिला चिकित्सालय), मोतीपुर ओयल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। आजादी के इस पावन पर्व पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. आर.के. कोली ने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता और सीएमएस डॉ. आर.के. कोली ने साथी चिकित्सकों के साथ अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया तथा भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
उपस्थित चिकित्सकों,स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सीएमएस डॉ. आर.के. कोली ने कहा कि आजादी का यह दिन अमर शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करने का है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए सच्ची देशभक्ति यही है कि वे अस्पताल आने वाले हर पीड़ित की निस्वार्थ और संवेदनशील होकर सेवा करें।
डॉ. कोली ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा, "आइए, हम सब मिलकर एक ऐसा जिला चिकित्सालय बनाएं जहां मरीज सिर्फ इलाज ही नहीं, बल्कि अटूट विश्वास लेकर जाए। जहाँ गरीब और हर कर्मचारी को सम्मान मिले, और डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ एक टीम बनकर कार्य करें। हर व्यक्ति गर्व से कह सके कि 'यह मेरा अस्पताल है, यहाँ केवल इलाज नहीं—मानवता की सेवा होती है।' हमारे अस्पताल की पहचान उत्कृष्ट चिकित्सा के साथ-साथ अच्छे व्यवहार, अनुशासन, स्वच्छता, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों से होनी चाहिए।"
उन्होंने आगे भावुक अपील करते हुए कहा, "अस्पताल आने वाला प्रत्येक मरीज केवल एक 'केस' नहीं, बल्कि किसी का पिता, माँ, भाई, बहन या बच्चा है—और सबसे बढ़कर वह एक इंसान है। यदि हम दवा के साथ मरीज को दो मीठे शब्द, गरीब को सम्मान और परेशान परिवार को सही मार्गदर्शन दे दें, तो हम केवल एक मरीज का उपचार नहीं करते, बल्कि भारत की उस आत्मा को मजबूत करते हैं जिसे मानवता कहते हैं।"
इस अवसर पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.पी. वर्मा,सर्जन डॉ. हर्षदेव भारती सहित वरिष्ठ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।