उल्टी-लूज मोशन के मरीजों की संख्या से अस्पताल हाउसफुल
तीन अस्पतालों में पहुंचे बीस हजार मरीज, भीषण गर्मी से ओपीडी फुल
लखनऊ। राजधानी के तीन अस्पताल मरीजों से हाउसफुल हैं। बीते तीन दिन में लखनऊ के तीन बड़े सरकारी अस्पताल की ओपीडी में बेस हजार से अधिक मरीज पहुंचे हैं। वहीं इमरजेंसी में 670 से ज्यादा गंभीर मरीजों को भर्ती किया गया है। इनमें बुखार से लेकर डिहाइड्रेशन और डायरिया के मरीज शामिल हैं। गर्मी के चलते मरीजों की तादाद बढ़ी है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीज और तीमारदार जमीन पर बैठे नजर आते हैं। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का दावा है कि हीट वेव के गंभीर मरीजों को बिना देरी किए एडमिट करने के निर्देश हैं।
प्रदेश के सबसे बड़े जिला चिकित्सालय बलरामपुर अस्पताल की ओपीडी में दो दिन में 16 हजार 443 मरीज पहुंचे है। यहां इमरजेंसी और आरक्षित वॉर्ड में गर्मी के मरीज तेजी से बढ़े हैं। इनमें हर उम्र के लोग हैं। बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ.दिनेश कुमार का कहना है कि 'गर्मी बढ़ी है पर हालात अभी बेकाबू नहीं हुए हैं। डिहाइड्रेशन और डायरिया की समस्या बढ़ रही है। पहले भी इसके मरीज आ रहे थे, लेकिन संख्या कम थी। अस्पताल में आए मरीजों को राहत मिल रही है। गाइडलाइन के अनुसार इलाज किया जा रहा है। डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। ओपीडी में सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
प्रशासन का दावा है कि गंभीर मरीजों को तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू किया जा रहा हैं। बुजुर्गों और बच्चों में भी ये समस्या ज्यादा देखी जा रही हैं। सिविल अस्पताल सीएमएस के डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने कहा है कि उल्टी, लूज मोशन और कमजोरी के मरीज बढ़े हैं। यहां तीन दिन में इमरजेंसी में कुल 179 मरीज भर्ती हुए हैे। जबकि तीन दिन में ओपीडी में कुल 6122 मरीज देखे गए। 24 घंटे में अस्पताल की इमरजेंसी में 53 मरीज बेहद गंभीर हालत में लाए गए। जिन्हें तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। इनमें हीट वेव के मरीजों की संख्या अधिक रही।
टिप्पणियां