चिलचिलाती धूप में कार में डॉग को छोड़ गया युवक, हांफता रहा बेजुबान, वीडियो वायरल
स्थानीय लोगों ने बनाया वीडियो, जताई नाराजगी
लखनऊ। गोमतीनगर स्थित पत्रकारपुरम मार्केट से पशु क्रूरता का मामला सामने आया है। यहां भीषण गर्मी और उमस के बीच एक कार मालिक अपने पालतू कुत्ते को कार के अंदर लॉक कर खरीदारी करने चला गया। बंद कार में ऑक्सीजन की कमी और बढ़ते तापमान के कारण बेजुबान जानवर काफी देर तक हांफता रहा।
इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर कार के अंदर बंद कुत्ते पर पड़ी। कुत्ता लगातार हांफ रहा था और बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। उसकी हालत देखकर लोगों ने चिंता जताई और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के सभी शीशे पूरी तरह बंद थे। बाहर तेज धूप थी और उमस के कारण कार के अंदर का तापमान लगातार बढ़ रहा था। ऐसे में कुत्ते की हालत बिगड़ती जा रही थी, जबकि उसका मालिक वहां पर मौजूद नहीं था।
पशुप्रेमियों का कहना है कि भीषण गर्मी में कुछ मिनट के लिए भी किसी पालतू जानवर को बंद कार में छोड़ना उसकी जान के लिए खतरा बन सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, बंद वाहन के अंदर का तापमान कुछ ही मिनटों में सामान्य तापमान से कई डिग्री अधिक हो जाता है, जिससे हीट स्ट्रोक, दम घुटने और मौत तक की नौबत आ सकती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
