उरई : तालाब के पास निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़कर वन विभाग को सौंपा
उरई। उत्तर प्रदेश के उरई में कोंच तहसील क्षेत्र के पिरौना गांव में शुक्रवार की बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के तालाब के पास एक मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने तालाब के किनारे देर रात मगरमच्छ को घूमते देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पूरे गांव में फैल गई। मगरमच्छ के आबादी की ओर आने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए रस्सियों की मदद से काफी मशक्कत कर मगरमच्छ को पकड़ने में सफलता हासिल की।
ये खबर भी पढ़े : देवरिया में तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ई-रिक्शा और पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, तीन सिपाही समेत चार घायलमगरमच्छ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पकड़े गए मगरमच्छ को सुरक्षित वन विभाग के हवाले कर दिया, जिसके बाद विभागीय टीम उसे सुरक्षित स्थान पर ले गई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के तालाब में एक नहीं बल्कि तीन मगरमच्छ देखे गए थे। इनमें से केवल एक को ही पकड़ा जा सका, जबकि दो अन्य मगरमच्छ अभी भी तालाब में होने की आशंका जताई जा रही है। इससे गांव के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तालाब की जांच कर अन्य मगरमच्छों को भी पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वहीं ग्रामीणों को तालाब और उसके आसपास जाने से बचने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी जा रही है।
वन प्रभागीय अधिकारी प्रदीप यादव ने शनिवार को बताया कि वन विभाग मामले की जांच में जुटा है और तालाब में मौजूद अन्य मगरमच्छों की तलाश के लिए अभियान चलाए जाने की तैयारी की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
