सीतापुर में कांग्रेस के शहर कार्यालय पर प्रशासन का कब्जा, खाली कराकर किया गया सील
इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद खाली करना पड़ा कार्यालय, नजूल जमीन पर बना था भवन
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिला प्रशासन ने अपना कब्जा ले लिया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत नहीं मिल पाने के कारण शहर कांग्रेस कमेटी को यह कार्यालय खाली करना पड़ा है।शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय को लेकर प्रशासन की ओर से जारी नोटिस का समय शनिवार को पूरा होने के बाद उसे कब्जा लिया गया। शनिवार को एसडीएम सदर जनार्दन प्रसाद, ईओ नगर पालिका विकास कुमार, तहसीलदार सदर अजीत जायसवाल और लेखपाल अंजनी कुमार समेत प्रशासन की टीम सीतापुर के ऐतिहासिक घंटाघर क्षेत्र में कार्यालय पहुंची।
नजूल जमीन पर बनी यह जगह खाली पाई गई और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने इसे सील कर दिया। एसडीएम सदर जनार्दन प्रसाद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि इस कार्यालय में कोई सामान नहीं मिला है। यह पूरी तरह से खाली मिला।
एसडीएम ने बताया कि यह नजूल की संपत्ति है। नगरपालिका ने नोटिस जारी किया था, जिसकी समयावधि पूरी हो गई। ये लोग (कांग्रेस समर्थक) हाईकोर्ट भी गए थे, लेकिन वहां से उन्हें राहत नहीं मिली। इसके क्रम में नोटिस की समयावधि पूरी होने के बाद नगरपालिका ने कब्जा किया है।
नजूल भूमि को लेकर प्रशासन ने कांग्रेस पदाधिकारियों को 15 दिन में आपत्ति दर्ज करने का नोटिस जारी किया था। आपत्ति में कोई भी अहम दस्तावेज नहीं मिल सके। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय को खाली करने का नोटिस दिया गया था। नोटिस पीरियड में कांग्रेस पदाधिकारियों ने हाईकोर्ट का रुक किया, लेकिन अदालत ने उनकी याचिका को खारिज कर दिया। फिलहाल, प्रशासन की ओर से इसे खाली कराकर कब्जा लिया गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
