जिला बदर का उल्लंघन करने वाला आरोपी इंदिरानगर पुलिस के हत्थे चढ़ा
लखनऊ। इंदिरानगर थाना पुलिस ने जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय), लखनऊ की अदालत ने वाद संख्या 42(25)/2026 में विशाल उर्फ बड़ा बउआ की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए 12 जून 2026 को उसे उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा-3 के तहत छह माह के लिए जनपद लखनऊ की सीमा से निष्कासित (जिला बदर) करने का आदेश दिया था।
इसके बावजूद 5 अगस्त को इंदिरानगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर घोषित आरोपी विशाल उर्फ बड़ा बउआ अपने निवास क्षेत्र मुंशीपुरवा में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में जिला बदर आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना इंदिरानगर में उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा-10 के तहत मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल उर्फ बड़ा बउआ (23) पुत्र रामलाल, निवासी मुंशीपुरवा, थाना इंदिरानगर, लखनऊ के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
