फर्जी प्रपत्रों के आधार पर नौकरी कर रहे सात शिक्षकों की सेवा समाप्त
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने की कार्यवाही, विभाग में मचा हड़कम्प
सीतापुर ।जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी हासिल करने वाले 7 शिक्षकों पर गाज गिरी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ गोरखनाथ पटेल ने फर्जी अंकपत्रों के आधार पर कार्यरत पाए गए सात प्राथमिक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से ही विभाग और फर्जीवाड़ा करने वाले कर्मचारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
प्रशासनिक जांच में सामने आया कि इन शिक्षकों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा और डीएड के फर्जी अंकपत्र लगाकर विभाग को गुमराह किया था। बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री पटेल ने न केवल इन शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की हैं, बल्कि संबंधित जिले के विभागीय खंड शिक्षा अधिकारियों को इनके खिलाफ तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने और उसकी प्रति कार्यालय में उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
ये खबर भी पढ़े : डीएम की अध्यक्षता में श्रावण मास/कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत शांति समिति की बैठक हुई आयोजितजिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉक्टर गोरखनाथ पटेल ने बताया कि कार्रवाई की जद में आए शिक्षकों में खैराबाद के प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर में तैनात सहायक अध्यापक कुसुमलता, लहरपुर के भानपुर प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक मनीष सिंह और गनेशपुर प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक भूपेंद्र कुमार शामिल हैं, जिन्होंने फर्जी टीईटी अंकपत्र के आधार पर नौकरी हासिल की थी। वहीं महोली क्षेत्र के बसारा प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापिका पूजा और महुआकोला प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक विवेक कुमार पर फर्जी टीईटी के साथ-साथ फर्जी डीएड अंकपत्र लगाने का आरोप सिद्ध हुआ है।
इसके अलावा सकरन ब्लॉक के ताजपुर प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक मुरारी लाल रावत और शिवपुरी प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक जय नारायण सिंह को भी फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र के मामले में बर्खास्त किया गया है।
लेखक के बारे में
30 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले राम कृष्ण पांंडेय वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में सीतापुर व्यूरो प्रमुख रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘निष्पक्ष प्रतिदिन’ से की और इसके बाद लम्बे समय तक राष्ट्रीय सहारा में ब्यूरो चीफ रहते हुए अमर उजाला व हिंदुस्तान इत्यादि प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, सम्पादन का व्यापक अनुभव है।
