राजधानी में कोविड का दूसरा मामला मिला
लखनऊ। राजधानी में कोविड के मामले लगातार बढ़ना शुरू हो गए हैं। गुरुवार को दूसरा मामला फिर से आशियाना से सामने आया है। महिला उत्तराखंड से धार्मिक यात्रा करके वापस आई थी। सर्दी-जुकाम व बुखार की शिकायत होने पर निजी लैब से जांच कराई। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ का कहना है महिला में कोविड के हल्के लक्षण है। वह होम आइसोलेशन में हैं।
आशियाना के रुचि खंड की रहने वाली महिला (53) धार्मिक यात्रा करके उत्तराखंड से 22 मई को वापस आई थी। पांच दिन पहले उन्हें सर्दी-जुकाम बुखार की शिकायत हुई। सांस लेने में थोड़ी तकलीफ हुई। निजी डॉक्टर से दवा ली मगर खास राहत नहीं मिली।
डॉक्टर की सलाह पर निजी लैब में कोविड की जांच कराई। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं लखनऊ के आशियाना इलाके में यह दूसरा कोविड पॉजिटिव केस मिला है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है महिला में कोविड के हल्के लक्षण हैं। बताया परिजनों में अभी तक कोई भी लक्षण नहीं हैं। लक्षण आने पर परिजनों की जांच कराई जाएगी।
टिप्पणियां