फतेहपुर, । कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निपुण भारत मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प, स्कूल चलो अभियान तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान स्कूल चलो अभियान के तहत लक्ष्य के सापेक्ष नामांकन की प्रगति कम मिलने पर मलवां, हसवा और भिटौरा के खंड शिक्षा अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि निपुण भारत मिशन के अंतर्गत कक्षा 5 तक के सभी विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत असेसमेंट कर उन्हें निपुण बनाया जाए। परिषदीय विद्यालयों में आयोजित होने वाले रीडिंग सेशन की वीडियो सहित रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण, छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण, स्मार्ट क्लास के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के निर्माण एवं उच्चीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।