यूपी में 17 IAS अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली, मुरादाबाद-अलीगढ़ को मिले नए मंडलायुक्त
संगीता सिंह को मुरादाबाद और ओम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया, कई विभागों में भी फेरबदल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात 17 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल के नए मंडलायुक्तों की तैनाती की गई है। इसके अलावा ग्राम्य विकास, आयुष, नगर विकास, नियोजन, जल निगम, सहकारिता और उच्च शिक्षा समेत कई विभागों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
मुरादाबाद मंडलायुक्त का पद पिछले कुछ समय से खाली था। अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं राजस्व परिषद प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) के पद पर तैनात ओम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। मुरादाबाद में मंडलायुक्त रहे सिक्किम कैडर के आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति अवधि 14 अगस्त को समाप्त हो गई थी।
प्रशासनिक बदलाव के तहत गौरी शंकर प्रियदर्शी को आयुक्त ग्राम विकास एवं सचिव ग्राम्य विकास विभाग के पद से हटाकर महानिदेशक आयुष एवं मिशन निदेशक राष्ट्रीय आयुष मिशन बनाया गया है। वहीं चैत्रा वी को महानिदेशक आयुष एवं मिशन निदेशक राष्ट्रीय आयुष मिशन से हटाकर सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रमोद कुमार उपाध्याय को सचिव समाज कल्याण विभाग से आयुक्त ग्राम्य विकास बनाया गया है। वहीं रवींद्र कुमार सचिव नगर विकास के पद पर बने रहेंगे, लेकिन उन्हें प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) और राज्य मिशन निदेशक (अमृत) के अतिरिक्त दायित्व से मुक्त कर दिया गया है।
मासूम अली सरवर को सचिव नियोजन विभाग और महानिदेशक अर्थ एवं संख्या के पद से कार्यमुक्त किया गया है। उन्हें प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) और राज्य मिशन निदेशक (अमृत) का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। वह उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर बने रहेंगे।
इसी क्रम में डा. राज शेखर को प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) से हटाकर सचिव नियोजन विभाग तथा महानिदेशक अर्थ एवं संख्या बनाया गया है। योगेश कुमार को आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता के पद से हटाकर प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कुमार प्रशांत को सचिव राज्य सूचना आयोग से हटाकर आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता बनाया गया है। वहीं गुर्राला श्रीनिवासुलु को सचिव सचिवालय प्रशासन के पद से हटाकर सचिव उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग की जिम्मेदारी दी गई है।
सहकारी चीनी मिल्स संघ में भी बदलाव किया गया है। अमृत पाल कौर को प्रतीक्षारत किया गया है। वहीं नवनीत सेहारा को संयुक्त प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड के पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
इसके अलावा देवेंद्र कुमार पांडेय को विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा से विशेष सचिव उपभोक्ता मामले बनाया गया है। विवेक श्रीवास्तव को सचिव लखनऊ विकास प्राधिकरण से हटाकर विशेष सचिव पशुधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
अमृत त्रिपाठी को सचिव उच्च शिक्षा विभाग से हटाकर सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद प्रयागराज बनाया गया है। वहीं ओम प्रकाश राय को सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद प्रयागराज से विशेष सचिव उच्च शिक्षा विभाग बनाया गया है।
सरकार की ओर से किए गए इस फेरबदल के बाद विभिन्न विभागों और मंडलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव होगा। मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल के साथ ही कई महत्वपूर्ण विभागों को नए अधिकारियों की जिम्मेदारी मिलने से प्रशासनिक स्तर पर नई व्यवस्था लागू होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
