लखनऊ। ब्रह्माकुमारीज के सुल्तानपुर रोड स्थित राजयोग प्रशिक्षण केंद्र में राजयोगिनी राधा दीदी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 100 से अधिक महिलाओं ने सहभागिता कर स्वास्थ्य, स्वरोजगार, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कंचन व शिखा भार्गव आदि अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समाज निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। राधा दीदी ने कहा कि आत्मनिर्भरता तब संपूर्ण बनती है जब नारी घर और बाहर दोनों जिम्मेदारियों में संतुलन स्थापित करते हुए आगे बढ़ती है।
एनएसआईसी के विजय प्रकाश ने महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। अनिल अग्रवाल के कौशल विकास संस्थान द्वारा प्रशिक्षित 20 महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर महिलाओं को कौशल आधारित रोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का सफल समन्वय इनर व्हील क्लब द्वारा किया गया। आयोजन लघु उद्योग भारती, लखनऊ इकाई की अध्यक्ष रीता मित्तल तथा डॉ. शेली महाजन, विभागाध्यक्ष, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सभी वक्ताओं ने महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और नैतिक मूल्यों के माध्यम से सशक्त बनने का आह्वान किया।