मांगों को ले कर प्राथमिक शिक्षक संघ ने दिया ज्ञापन
-भीषण गर्मी के मद्देनजर स्कूलों का समय बदलने की मांग
सीतापुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष/जिलाध्यक्ष रवीन्द्र कुमार दीक्षित ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में 15000 शिक्षक भर्ती के अंतर्गत नियुक्त उन शिक्षकों को जिन्होंने 01 जुलाई 2016 को राजकीय अवकाश होने के कारण 02 जुलाई 2016 को कार्यभार ग्रहण किया था, उन्हें 01 जुलाई से कार्यरत मानते हुए वेतनवृद्धि का लाभ देने की मांग की। संगठन का कहना है कि राजकीय अवकाश के कारण कार्यभार ग्रहण में हुई देरी के लिए शिक्षकों को जिम्मेदार ठहरा कर उन्हें वेतनवृद्धि से वंचित करना न्यायोचित नहीं है। इस संबंध में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी शिक्षकों के पक्ष में निर्णय लिए जा चुके हैं।
मांग पत्र में यह भी कहा गया कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी एवं लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया जाए। संगठन ने कहा कि दोपहर तक अत्यधिक गर्मी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की समस्या के चलते स्थिति और गंभीर हो रही है। ऐसे में छात्र हित में विद्यालयों का समय प्रातः 07:30 बजे से 12:00 बजे तक किया जाए।
संघ ने प्रशासन से इन दोनों ही मांगों पर गम्भीरतापूर्वक विचार करने की मांग की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
30 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले राम कृष्ण पांंडेय वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में सीतापुर व्यूरो प्रमुख रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘निष्पक्ष प्रतिदिन’ से की और इसके बाद लम्बे समय तक राष्ट्रीय सहारा में ब्यूरो चीफ रहते हुए अमर उजाला व हिंदुस्तान इत्यादि प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, सम्पादन का व्यापक अनुभव है।
