धामपुर वन स्टॉप सेंटर में बनेगी स्थायी पुलिस चौकी, बाल सुरक्षा को लेकर अहम फैसला
जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक में लिया गया निर्णय, बाल सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश
रामनाथ सिंह
बिजनौर। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में आयोजित जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक में बाल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर के.जी. सिंह ने प्रोबेशन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धामपुर स्थित वन स्टॉप सेंटर में स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना के लिए शीघ्र पत्रावली तैयार कर प्रस्तुत की जाए।
बैठक के दौरान प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी विमल चौबे ने जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की कार्यप्रणाली, अब तक किए गए कार्यों तथा समिति के विभिन्न सदस्यों की जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण को मजबूत करने के लिए ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर भी बाल कल्याण समितियों का गठन किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने बाल अपचारियों (किशोर अपराधियों) से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी रखने तथा पुनर्वास संबंधी प्रयासों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि तहसील धामपुर के नगीना रोड स्थित चक शहजानी में बने 100 बेड के सरकारी अस्पताल परिसर में संचालित वन स्टॉप सेंटर में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी, जिससे महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
इसके अलावा बाल श्रम उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियानों, किशोर न्याय बोर्ड की गतिविधियों तथा जिले में भिक्षावृत्ति और बालकों में बढ़ती नशाखोरी की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी रुबी गुप्ता व जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह एवं सदस्य उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
