राजस्थान: पाली में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 1042 कार्टन अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार
पंजाब से गुजरात तक फैले तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पाली। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.25 करोड़ रुपये की अंग्रेजी शराब और बीयर से भरा एक ट्रेलर जब्त किया है।
तस्करों ने शराब के कार्टनों को मक्के की बोरियों के पीछे छिपा रखा था और खेप को गुजरात ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने मौके से दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है।
ट्रांसपोर्ट नगर थाना प्रभारी हनुवंत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम शुक्रवार दोपहर थाने के पास स्थित ओवरब्रिज क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक ट्रेलर संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस ने ट्रेलर को थाने लाकर पूछताछ की। चालक ने ट्रेलर में मक्का भरा होने की जानकारी दी, लेकिन तलाशी लेने पर मक्के की बोरियों के पीछे बड़ी मात्रा में पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर के 1042 कार्टन बरामद हुए।
पुलिस ने ट्रेलर में सवार सीकर जिले के गढ़भोपजी थोई निवासी कालूराम (50) और डीडवाना जिले के धोलिया (जसवंतगढ़) निवासी जेठू सिंह (43) को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान ट्रेलर और अवैध शराब को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रामनिवास जाट, जस्साराम कुमावत और कांस्टेबल विजय चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की यह खेप पंजाब से किसके माध्यम से लाई गई थी और गुजरात में किस स्थान पर इसकी आपूर्ति की जानी थी। गिरफ्तार दोनों आरोपिताें से पूछताछ जारी है तथा पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
