कारगिल विजय दिवस पर कांग्रेसियों ने शहीदों को किया नमन, बोले जिलाध्यक्ष- जवानों के बलिदान का देश सदैव रहेगा ऋणी
कौशाम्बी। जिले में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चायल विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत चरवा स्थित शहीद चंद्रमणि स्मारक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने कहा कि कारगिल विजय दिवस वर्ष 1999 में पाकिस्तान पर भारतीय सेना की ऐतिहासिक जीत और ऑपरेशन विजय की सफलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल की दुर्गम एवं बर्फीली चोटियों पर भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस, पराक्रम और देशभक्ति का परिचय देकर दुनिया को भारतीय सेना की वीरता का एहसास कराया था। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और पूरा देश उनकी शहादत का सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाओं पर तैनात जवानों की सतर्कता और समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। कारगिल के अमर शहीदों का त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान को हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगा।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश सचिव रामबहादुर त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष राम सूरत रैदास, जिला महासचिव सुरेन्द्र शुक्ला, जिला सचिव जयप्रकाश जायसवाल, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सचिन पाण्डेय, नगर अध्यक्ष चरवा निक्की पाण्डेय, व्यापार मंडल अध्यक्ष कैलाश केसरवानी, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष सिराथू प्रियांशू त्रिपाठी, अरुण सिंह, इंद्रपाल रैदास, राकेश पाल, विकास पाल, अमित पाण्डेय, रोहित पाण्डेय, राहुल यादव, बिरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
