कारगिल के रणबांकुरों को कौशाम्बी ने किया नमन, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का हुआ भव्य सम्मान
27वें कारगिल विजय दिवस समारोह में शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को किया गया याद
कौशाम्बी। जिले में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को भरवारी स्थित वशिष्ठ गेस्ट हाउस में "पूर्व सैनिक कल्याण समिति, जनपद-कौशाम्बी" के तत्वावधान में 27वां कारगिल विजय दिवस समारोह पूरे सम्मान और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध सहित विभिन्न युद्धों में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। समारोह में वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर उनके योगदान को भी याद किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येन्द्र प्रसाद तिवारी रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पूर्ति अधिकारी मंगेश कुमार मौर्य, एयर कमोडोर (सेवानिवृत्त) प्रवीन कुमार शर्मा (वायु सेना मेडल) तथा अधिवक्ता गौरव करवरिया शामिल रहे।
ये खबर भी पढ़े : महुली पुलिस एवं सोशल मीडिया सेल के समन्वित प्रयास से भटका हुआ बालक सकुशल परिजनों से मिलाकार्यक्रम का शुभारम्भ जिला पूर्ति अधिकारी मंगेश कुमार मौर्य एवं एयर कमोडोर (सेवानिवृत्त) प्रवीन कुमार शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद कारगिल युद्ध सहित देश की रक्षा में वीरगति प्राप्त सैनिकों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित पूर्व सैनिकों और समिति पदाधिकारियों ने भी अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
समारोह के दौरान समिति के सदस्य एवं पूर्व नायक रामचन्द्र यादव के सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन की सूचना मिलने पर माहौल भावुक हो गया। सभी अतिथियों और पूर्व सैनिकों ने दो मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
समिति के जिलाध्यक्ष दशरथ लाल करवरिया ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों एवं पूर्व सैनिकों का अभिनंदन किया। समिति के संस्थापक एवं संरक्षक शारदा प्रसाद वर्मा तथा जिलाध्यक्ष ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कारगिल के वीर शहीदों को याद करते हुए कहा कि भारतीय सेना का शौर्य, पराक्रम और बलिदान प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं सुबेदार शिवशंकर यादव ने कारगिल युद्ध की घटनाओं का विस्तार से वर्णन करते हुए सैनिकों की वीरता को उपस्थित लोगों के सामने रखा।
कार्यक्रम में वीर नारियों सुशीला देवी (पत्नी स्वर्गीय सिपाही देव नारायण, सेना मेडल) तथा केला देवी (पत्नी स्वर्गीय सिग्नलमैन राजकरन त्रिपाठी) को मुख्य अतिथि द्वारा माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा कारगिल युद्ध विजेताओं एवं विभिन्न युद्धों में योगदान देने वाले वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को भी विशिष्ट अतिथियों ने माल्यार्पण और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
समारोह के अंत में समूह छायाचित्र के बाद सभी अतिथियों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। "भारत माता की जय" और "वन्दे मातरम्" के गगनभेदी नारों के साथ राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर संस्थापक एवं संरक्षक शारदा प्रसाद वर्मा, वरिष्ठ सलाहकार राजमन पाल, जिलाध्यक्ष दशरथ लाल करवरिया, जिला उपाध्यक्ष रामचरन पाल, जिला उपसचिव अर्जुन प्रसाद त्रिपाठी, संगठन मंत्री सुनील कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, समिति पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
