एनएमओ जिलाध्यक्ष राधेश्याम वर्मा ने भाजपा महामंत्री व प्रदेश अध्यक्ष से की मुलाकात
मोहम्मद अय्यूब
उतरौला (बलरामपुर)। समाजसेवी एवं एनएमओ (नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन) के जिला अध्यक्ष बलरामपुर राधेश्याम वर्मा ने रविवार को लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े तथा उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी से शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के दौरान राधेश्याम वर्मा ने अपने सामाजिक कार्यों, जनसेवा अभियानों और संगठन में निभाई जा रही भूमिका से वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराया। राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “राधेश्याम वर्मा ने मुंबई में भी जरूरतमंदों की सेवा कर एक मिसाल पेश की है। टाटा अस्पताल के आसपास मरीजों के लिए भोजन की व्यवस्था करना मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।”
वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी राधेश्याम वर्मा के कार्यों को सराहते हुए कहा कि “वे सूझबूझ और मानवतावादी विचारधारा के व्यक्ति हैं। प्रत्येक सप्ताह आरएसबी अस्पताल में निःशुल्क ओपीडी सेवा देना समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
राधेश्याम वर्मा ने इस मुलाकात को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन उन्हें जनसेवा और संगठन के प्रति और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
गौरतलब है कि विनोद तावड़े वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद हैं। वे महाराष्ट्र सरकार में शिक्षा व तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाल चुके हैं। वहीं पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष होने के साथ-साथ केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री और सात बार के सांसद भी हैं।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब 03 वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट एडिटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
