मायावती का बड़ा फैसला: अब अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा
- ऑल इंडिया बैठक में गठबंधन की अटकलों पर विराम, आकाश आनंद को फिलहाल नहीं मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) की ऑल इंडिया बैठक में पार्टी सुप्रीमो मायावती ने चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मायावती ने स्पष्ट किया कि बसपा अब देश में होने वाले छोटे-बड़े सभी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। इसके साथ ही पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर चल रही गठबंधन की चर्चाओं पर भी फिलहाल विराम लग गया है।
मायावती ने कहा कि बहुजन समाज के हितों की रक्षा और शोषित वर्ग को सत्ता में भागीदारी दिलाना बसपा का मूल मिशन है। उन्होंने कहा कि इस मिशन को आगे बढ़ाने और व्यवस्था में प्रभावी बदलाव के लिए सत्ता हासिल करना जरूरी है। पार्टी इसी उद्देश्य के साथ आगे चुनावी मैदान में उतरेगी।
आकाश आनंद को लेकर भी मायावती का बड़ा बयान
बैठक में आकाश आनंद की भूमिका को लेकर भी मायावती ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद को पार्टी में काम करने की अनुमति है, लेकिन अभी उन्हें और परिपक्व होने की जरूरत है। जब तक वह पर्याप्त रूप से परिपक्व नहीं होते, तब तक उन्हें पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
मायावती के इस रुख को आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में आकाश आनंद को शामिल नहीं किए जाने की भी चर्चा है। इस घटनाक्रम के बाद उनके समर्थक खेमे में भी मायूसी और खामोशी की स्थिति बताई जा रही है।
बसपा सुप्रीमो के ताजा फैसले से पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति और संगठन में जिम्मेदारियों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। अब पार्टी के सामने अपने संगठन को मजबूत करते हुए बिना गठबंधन चुनावी मैदान में उतरने की चुनौती होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
