मानकनगर पुल पर बड़ा हादसा टला: नगर निगम डम्पर की टक्कर से पलटी बोलेरो, 7 लोगों की जान बाल-बाल बची
लखनऊ। राजधानी के मानकनगर क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मानकनगर पुल के ऊपर नगर निगम के डम्पर और बोलेरो कार के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय वाहन में सात लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्रियों की जान बच गई और केवल एक युवक को मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब नगर निगम का डम्पर (UP35T2143) और बोलेरो कार (UK07FY3380) मानकनगर पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान डम्पर ने बोलेरो को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो संतुलन खोकर सड़क पर पलट गई। अचानक हुए हादसे से पुल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही थाना मानकनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा यातायात को बाधित होने से बचाने के लिए तत्काल व्यवस्था संभाली।
दुर्घटना में सहारनपुर निवासी शक्ति कुमार (23 वर्ष) को हल्की चोटें आईं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए लोकबंधु चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बोलेरो में सवार अन्य छह लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बताया गया कि बोलेरो में सवार सभी लोग सहारनपुर क्षेत्र के रहने वाले थे और किसी कार्य से लखनऊ आए हुए थे। हादसे के बाद परिवारों को सूचना दे दी गई है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और नगर निगम डम्पर दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। डम्पर चालक मुकेश से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में साइड से टक्कर लगने के कारण हादसा होना सामने आया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मानकनगर पुल पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस की तत्परता से वाहनों को हटाकर ट्रैफिक को सामान्य कर दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
