स्टेशन परिसर में लावारिस मिला एलईडी लाइट स्टिक, आरपीएफ ने कब्जे में लिया
देवरिया। रेलवे स्टेशन देवरिया सदर परिसर में आपराधिक निगरानी के दौरान आरपीएफ को एक लावारिस पैकेट मिला। तलाशी लेने पर पैकेट के अंदर एलईडी लाइट स्टिक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ ने बताया कि शुक्रवार को स्टाफ के साथ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2/3 के पूर्वी फुट ओवरब्रिज के प्रवेश द्वार के पास निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान उत्तर दिशा में चेन से बंद काले रंग का एक पैकेट दिखाई दिया। आसपास पूछताछ करने के साथ स्टेशन परिसर में अनाउंसमेंट कराया गया, लेकिन पैकेट पर किसी ने अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में पैकेट खोलने पर करीब साढ़े तीन फीट लंबी सफेद और काले रंग की एक एलईडी लाइट स्टिक मिली, जिस पर IVELBORN-SL-500 अंकित था। आरपीएफ ने रात करीब 8:30 बजे लावारिस हालत में मिली लाइट स्टिक को कब्जे में लेकर कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट देवरिया सदर कार्यालय में जमा करा दिया।
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
