लखनऊ से दर्शन करने आया किशोर कल्याणी नदी में डूबा, एनडीआरफ व गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
बाराबंकी। अयोध्या-बाराबंकी सीमा पर बहने वाली कल्याणी नदी में मंगलवार सुबह नहाते समय लखनऊ निवासी 17 वर्षीय किशोर के डूब जाने से हड़कंप मच गया। घटना रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के बाबा रामसनेहीदास मंदिर के पास की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ रेस्क्यू शुरू किया। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ से 17 वर्षीय वरिष्ठ रावत पिता विजय बहादुर रावत निवासी कालिदास मार्ग गोमती नगर लखनऊ परिजनाें के साथ मंगलवार को बाबा रामसनेहीदास मंदिर में पूजा-अर्चना करने आया था। परिवार के सदस्य मंदिर परिसर में पूजा में व्यस्त थे, इसी दौरान परिवार के दो-तीन बच्चे मंदिर के पास बह रही कल्याणी नदी में नहाने चले गए। नहाते समय किशोर वरिष्ठ गहराई का अंदाजा न लगा सका और अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूब गया।
साथ गए बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने नदी में कूदकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक किशोर पानी में ओझल हो चुका था। घटना की सूचना पर कोतवाल दयाशंकर दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने बताया कि तत्काल करीब 20 स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया है। एनडीआरएफ की टीम को भी बुला लिया गया है और संयुक्त रूप से सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। दोपहर 12:30 बजे तक करीब दो घंटे की तलाश के बाद भी किशोर वरिष्ठ का कोई सुराग नहीं लग सका है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी के किनारे स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। पुलिस ने एहतियातन नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। प्रशासन ने लोगों से नदी के गहरे पानी में न जाने की अपील की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
