प्रयागराज: बच्चे के जन्म की खुशी मातम में बदली, हर्ष फायरिंग से युवक की मौत
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करछना थाना क्षेत्र में भुंडा पुलिस चौकी क्षेत्र के निंदिया गांव में सोमवार देर रात एक बधाई कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग जानलेवा साबित हुई।
रिवॉल्वर से की गई फायरिंग में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक करछना थाना क्षेत्र की भुंडा पुलिस के निरिया गांव में सोमवार रात बच्चे के जन्म की खुशी में बधाई कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान अचानक गोली लगने से सर्वेश यादव उर्फ गोलू (24) पुत्र राजेंद्र प्रसाद यादव घायल हो गया। घायल सर्वेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही करछना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच में जुटी है तथा फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि करछना क्षेत्र में हर्ष फायरिंग के दौरान युवक की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
