चेतगंज और रामनगर की संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को दबोचा,एक गोली से घायल
—रामनगर बंदरगाह रोड पर चली गोली ,घायल बदमाश ने सर्राफा व्यापारी से की थी लूटपाट
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद की चेतगंज और रामनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात रामनगर के बंदरगाह रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आकाश सेठ और आशीष मौर्या के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घायल आकाश सेठ चेतगंज थाना क्षेत्र के तेलियाबाग में 27 जून की आधी रात सर्राफा व्यवसायी अमित कुमार से पांच लाख रुपये की लूट की वारदात में शामिल था।
लूट के दौरान व्यापारी से हुई छीना-झपटी में बदमाशों की बुलेट मोटरसाइकिल मौके पर ही गिर गई थी। इसके बाद दोनों आरोपी वाहन छोड़कर पैदल फरार हो गए थे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर ली थी और तभी से उनकी तलाश की जा रही थी।
एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने बताया कि रविवार रात चेतगंज थाना प्रभारी वी.के. शुक्ला को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल दोनों आरोपी रामनगर के भीटी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही रामनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा को अवगत कराया गया और दोनों थानों की संयुक्त पुलिस टीम तत्काल इलाके में पहुंच गई।
देर रात भीटी इलाके में पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बंदरगाह रोड की ओर से दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आकाश सेठ के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। उसका साथी आशीष मौर्या भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे भी दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए हैं। दोनों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
