जौनपुर: ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं की कार, बाबा विश्वनाथ के दर्शन से लौट रहे दो लोगों की मौत
सभी मृतक और घायल उन्नाव के निवासी थे
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
सभी लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर वाराणसी से उन्नाव लौट रहे थे। हादसा बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार टकराने के कारण हुआ।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब पांच बजे नेता ढाबा के सामने तेज रफ्तार मारुति वैगनआर कार (यूपी-32 पीयू-5119) सड़क किनारे खड़े ट्रक (यूपी-44 एटी-3818) के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकालकर तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया।
वहां चिकित्सकों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल शोभीत श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभीत शुक्ला का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल सामान्य है।
इस मामले में जानकारी लेने पर बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि मृतक और घायल सभी उन्नाव जनपद के आवास विकास कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर उन्नाव वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
