आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों एवं रात्रि चौपालों के सफल संचालन हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों में लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनशिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करते हुए शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पर दर्ज प्रत्येक शिकायत प्रशासन की जवाबदेही से जुड़ी है, इसलिए उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि असंतोषजनक अथवा तथ्यहीन निस्तारण पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद भर में विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों, विशेष जनसंपर्क अभियानों एवं रात्रि चौपालों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन प्रभावी, व्यवस्थित एवं जनहितकारी ढंग से किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि रात्रि चौपालों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना जाए तथा उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल संचालन करने तथा शासन की उपलब्धियों एवं योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम मोहन मीणा, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
