बारिश और जलभराव के चलते प्रयागराज के सभी स्कूलों में घोषित हुआ अवकाश
कक्षा 12 तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 18 अगस्त को अवकाश
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मंगलवार भोर से हो रही बारिश एवं जलभराव के चलते बारहवीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। यह जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रयागराज में मंगलवार को कक्षा 12 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिले में परिषदीय, माध्यमिक तथा सभी बोर्ड से मान्यता और सहायता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश रहेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव के कारण शिक्षकों तथा अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में कठिनाई हो रही है। ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर अवकाश घोषित किया गया है।आदेश के अनुसार 18 अगस्त को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक और सभी बोर्ड से मान्यता एवं सहायता प्राप्त अंग्रेजी तथा हिंदी माध्यम विद्यालय बंद रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का पालन कराने के लिए कहा गया है।बारिश और जलभराव के कारण विद्यालयों में आने-जाने वाले विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
