बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग से मचा हड़कंप, दो नामजद समेत कई पर केस
फायरिंग से ईलाके में मची अफरा-तफरी
- फायरिंग की आवाज सुनते ही रिजॉर्ट कर्मचारियों ने पुलिस को दी सूचना
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित एक रिजॉर्ट में रविवार देर रात आयोजित जन्मदिन की पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही रिजॉर्ट कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहनलालगंज में मदापुर तिराहे से जबरौली रोड स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में रविवार रात बर्थडे पार्टी चल रही थी। देर रात डीजे पर नृत्य के दौरान पार्टी में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। गोली चलने की आवाज से पार्टी में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। रिजॉर्ट के मेंटीनेंस कर्मी सीतापुर निवासी जितेंद्र सिंह ने घटना की तहरीर पुलिस को दी।
इस आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने दो नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ रामबाबू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने का आरोपी युवक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
