भोले की भक्ति में रंगा गुलमोहर एनक्लेव
सावन के चौथे और आखिरी सोमवार पर श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी के श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में सावन के चौथे और आखिरी सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गई। गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी के साथ-साथ आसपास की सोसायटियों से भी बड़ी संख्या में शिव भक्त मंदिर पहुंचे।
मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प, दूध और जल अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कराया। रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शिव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। रुद्राभिषेक के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण भी किया गया।

RWA की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने कहा कि सावन के आखिरी सोमवार पर श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाती है। मंदिर में सुबह चार बजे से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से सोसायटी के लोगों में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होती है तथा नई पीढ़ी भी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ती है।
भगवान शिव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के बाद मंदिर परिसर और सोसायटी के बाहर गेट पर श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण भी किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। प्रसाद वितरण के दौरान भी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
सावन के चौथे और आखिरी सोमवार पर सुबह से लेकर दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा। भगवान शिव के जयकारों से पूरा गुलमोहर एनक्लेव भक्तिमय और शिवमय नजर आया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
