लखीमपुर-खीरी,24 अगस्त(तरुणमित्र)। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के जिला कार्यालय का सोमवार को भव्य उद्घाटन हुआ। वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना एवं विधि-विधान के साथ पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष सिंह भदौरिया ने अपनी टीम के साथ कार्यालय का शुभारंभ किया। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आशीष सिंह भदौरिया ने कहा कि पार्टी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पूरे प्रदेश के साथ-साथ लखीमपुर-खीरी जिले की सभी आठ विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
पार्टी के जिला महासचिव विवेक सिंह सोनू ने आरक्षण व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आरक्षण जातिगत आधार के बजाय आर्थिक आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को सवर्ण समाज की इस मांग पर गंभीरता और प्रमुखता से विचार करना चाहिए।
वहीं,जिला मीडिया प्रभारी पवन अवस्थी धीरू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रहा है। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और कार्यकर्ता अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में युवा जिलाध्यक्ष अमन प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी पवन अवस्थी धीरू, बेहजम ब्लॉक अध्यक्ष विकास मिश्रा, एडवोकेट रंजीत सिंह,अनिल वर्मा, पसगवां ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैयालाल सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।