सुरों की सरताज बनीं दृष्टि पांडे, रायबरेली को दिलाए दोहरे स्वर्ण पदक
भारत विकास परिषद की समूह गान प्रतियोगिता में गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर का दबदबा
अब स्टेट लेवल पर बिखेरेंगी जलवा
रायबरेली। भारत विकास परिषद, रायबरेली के तत्वाधान में आज सिविल लाइंस स्थित सूर्या होटल में आयोजित समूह गान प्रतियोगिता पूरी तरह से गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर की होनहार छात्रा दृष्टि पांडे के नाम रही। जनपद के तमाम दिग्गजों और प्रतिष्ठित विद्यालयों के बीच, दृष्टि पांडे ने अपनी जादुई आवाज, असाधारण सुर-साधना और कुशल नेतृत्व (लीड) के दम पर प्रतियोगिता का रुख एकतरफा कर दिया।
अपनी विलक्षण प्रतिभा का परिचय देते हुए दृष्टि पांडे की अगुवाई में विद्यालय की टीम ने हिंदी समूह गान और संस्कृत समूह गान दोनों ही बेहद कठिन श्रेणियों में प्रथम स्थान का दोहरा खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक और गौरवशाली सफलता के साथ ही इस प्रतिभावान टीम का चयन आधिकारिक रूप से प्रदेश स्तरीय (स्टेट लेवल) समूह गान प्रतियोगिता के लिए हो गया है, जहाँ दृष्टि पांडे के नेतृत्व में यह टीम प्रांतीय पटल पर पूरे रायबरेली जनपद का प्रतिनिधित्व करेगी।

प्रतियोगिता के दौरान जब दृष्टि पांडे ने मुख्य गायिका के रूप में हिंदी गीत "कोटि-कोटि कंठों ने गाया माँ का गौरव गान है" की तान छेड़ी, तो पूरा सभागार राष्ट्रभक्ति के अद्वितीय रस में डूब गया। इसके तुरंत बाद संस्कृत समूह गान में माँ सरस्वती की वंदना "जय जय हे भगवती सुर भारती" की उनकी शास्त्रीय व सुरीली प्रस्तुति ने निर्णायक मंडल (जजेस) और परिषद के पदाधिकारियों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
दृष्टि के सुरों के उतार-चढ़ाव, स्पष्ट उच्चारण और मंच पर उनके गजब के आत्मविश्वास की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।
इस शानदार गायन में टीम के अन्य साथी कलाकारों—मुदित मनमोहन, अनंत, शताक्षी, सिद्धि और काजल ने दृष्टि के सुर से सुर मिलाकर सामूहिक जुगलबंदी को शिखर पर पहुँचाया। वहीं, तबले पर अर्णव और ढोलक पर सृजन तिवारी की थाप व सधी हुई संगत ने इस पूरी प्रस्तुति में चार चांद लगा दिए।विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने दृष्टि पांडे की इस अभूतपूर्व सफलता पर उन्हें तथा पूरी टीम को बधाई दी है। सभी ने हर्ष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि दृष्टि अपनी इसी सुरीली कला के दम पर प्रदेश स्तर पर भी रायबरेली का परचम लहराएंगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
